*बदरीनाथ में 84 हजार से अधिक, केदारनाथ में 2 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री पहुंचे: हेमंत द्विवेदी*
*श्री बदरीनाथ -केदारनाथ यात्रा सुचारू*
ऋषिकेश: 29 अप्रैल:
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा इस वर्ष सुचारू और सुखद ढंग से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा के प्रारंभिक दिनों में ही तीर्थयात्रियों का उत्साह देखने योग्य है और व्यवस्थाएं संतोषजनक रूप से संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि 23 अप्रैल से लेकर 28 अप्रैल तक कुल 84,942 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर लिए हैं। वहीं श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि 22 अप्रैल से 28 अप्रैल तक 2,07,452 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। इस तरह श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 3 लाख के निकट है।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों ने अग्रिम पंजीकरण भी कराया है। अब तक श्री केदारनाथ धाम के लिए 8,72,326 तथा श्री बदरीनाथ धाम के लिए 7,30,407 तीर्थयात्रियों ने यात्रा पंजीकरण करवा लिया है, जो यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं के अपार उत्साह को दर्शाता है। बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ धाम हेतु 16 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कर लिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं मंदिर समिति द्वारा यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए चिकित्सा, सुरक्षा, आवास, यातायात और सूचना तंत्र को सुदृढ़ किया गया है।
हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा पर आने से पूर्व पंजीकरण अवश्य कराएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सभी के लिए सुरक्षित और सुखद बनी रहे।
