Saturday, November 21, 2026
देहरादून

डबल हेलमेट पहनने वालों को एसएसपी दून ने फूल देकर किया सम्मानित, नियम तोड़ने वालों को दी समझाइश

एसएसपी ने खुद सड़क पर उतरकर चलाया जागरूकता अभियान, पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट अनिवार्य

देहरादून। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस का अनोखा अंदाज देखने को मिला। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठी सवारी, दोनों के हेलमेट पहनने पर उन्हें फूल देकर सम्मानित किया गया, जबकि बिना हेलमेट सफर कर रहे लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान एसएसपी देहरादून स्वयं प्रमुख चौराहों पर पहुंचे और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाले यात्रियों (पीलियन राइडर्स) को भी हेलमेट पहनने की अनिवार्यता और इसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। जिन यात्रियों के पास हेलमेट नहीं था, उन्हें पुलिस की ओर से हेलमेट वितरित कर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

वहीं, चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों के हेलमेट पहनने पर एसएसपी ने उन्हें फूल देकर सम्मानित किया। साथ ही उनके जिम्मेदार व्यवहार की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी इसका अनुसरण करने की अपील की।

‌

इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। दून पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

उन्होंने वाहन चालकों से ओवरस्पीडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन न चलाने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।

अब होगी चालानी कार्रवाई

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाली सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर अब वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर करने की अपील की है।

अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।