अमरिया कस्बे में चोरी की सिलाई मशीनें, 1000 लीटर डीजल व तमंचा बरामद, 4 गिरफ्तार
पीलीभीत। अमरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की 6 सिलाई मशीनें, एक हजार लीटर डीजल समेत अन्य सामान बरामद कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। एसपी निर्देश पर चल रहे अभियान में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अमरिया कस्बे के राठौर मार्केट क्षेत्र में धरपकड़ अभियान चल रहा था। चेकिंग के दौरान माधौपुर चौराहे की ओर आ रही एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक आल्टो कार को रोका गया। कार में तीन युवक सवार थे। छानबीन में कार के अंदर सिलाई मशीनें आदि मिलीं।अभियुक्तों की पहचान अशरफ पुत्र अतहर निवासी कैंचू टांडा, अनुज पुत्र सुरेश निवासी देवरनिया, गंगसरन पुत्र चोखेलाल निवासी देवरनिया और सूरज पुत्र शेर सिंह निवासी कैंचू टांडा के रूप में हुई। तलाशी में 6 सिलाई मशीनें, कपड़ा काटने की लिपू मशीन, एक इन्वर्टर, एक बैटरी, एक स्टेबलाइजर, चोरी की आल्टो कार, पल्सर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुए।पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे ट्रकों आदि से चोरी कर एक हजार लीटर डीजल बेचते थे। अमरिया थाना परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल ने प्रेस को संबोधित कर बताया कि चारों युवक चोरी के इस गिरोह में शामिल थे। उन्होंने सिलाई मशीनें व अन्य सामान चुराने की बात स्वीकार की है। सभी बरामद माल को जब्त कर अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
