Uttarakhand

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक

रुद्रपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में वरिष्ठ अधिकारियों एवं जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर आपदा प्रबंधन, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, पर्यटन और जनसुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि जनता को राहत, सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने बरसाती आपदा के बाद पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने, चारधाम यात्रा को सुचारु रखने, आपदा प्रभावितों को त्वरित मदद पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही गौवंश संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के भी निर्देश दिए। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से गांधी जयंती तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा एवं स्वच्छता अभियान की पूर्ण तैयारी की जाए और अधिकारी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि सत्यापन अभियान के लिए 38 टीमें गठित की गई हैं। इनके जरिए अब तक 1825 अपात्र राशन कार्ड चिह्नित किए गए हैं और पुलिस एक्ट के तहत 2680 कार्रवाइयां हुई हैं। संयुक्त अभियान में खाद्य व स्वास्थ्य विभाग भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अवैध अतिक्रमण हटाने के तहत प्राग फार्म की 1900 एकड़ भूमि तथा नगर निगम की 9 बीघा भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई है। वहीं, वर्षाकाल की क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।भदौरिया ने कहा कि जनपद में बर्ड फ्लू एक सप्ताह से पूरी तरह नियंत्रण में है। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए सर्वे कर 7.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग को भेजा गया है। साथ ही अवैध कॉलोनियों की रजिस्ट्री पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। बैठक में वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

Shubham Mishra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *