मुख्यमंत्री के दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर डीएम ने किया निरीक्षण
काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित दो दिवसीय जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को काशीपुर स्थित विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी सबसे पहले श्री ननकाना साहिब बड़ा गुरुद्वारा पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री धामी के आगमन को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर की ओर से गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 350वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आसाम से अमृतसर तक नगर कीर्तन (पदयात्रा) निकाली जा रही है। इस नगर कीर्तन को मुख्यमंत्री धामी काशीपुर से रवाना करेंगे।इसके बाद जिलाधिकारी भदौरिया ने होटल अनन्या रेजिडेंसी का निरीक्षण किया। यहां मुख्यमंत्री का विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से भेंट एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी स्थिति में अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से जिलेवासियों को राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का प्रत्यक्ष अनुभव होगा।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक अभय कुमार, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
