चमोलीदेहरादून

उद्योगपति मुकेश अंबानी ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के दर्शन के बाद चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की

श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम को 10 करोड़ का दान — बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जताया आभार

श्री बदरीनाथ/केदारनाथ, 10 अक्टूबर।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष एवं देश के अग्रणी उद्योगपति मुकेश अंबानी ने आज सुबह श्री बदरीनाथ धाम में भगवान विष्णु के दर्शन किए, जिसके पश्चात वे भगवान केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने दोनों धामों के लिए कुल 10 करोड़ रुपये का दान देने की घोषणा की।

धामों के दर्शन के अवसर पर श्री बदरीनाथ-श्री केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी ने अंबानी जी का भव्य स्वागत किया और उन्हें उत्तराखंडी पारंपरिक टोपी एवं मफलर भेंट किए।

 

“मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा अत्यंत सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित हो रही है। यात्रा मार्गों और पड़ावों पर की गई व्यवस्थाएं अत्यंत उत्कृष्ट हैं। इस प्रकार की व्यवस्थाएं अन्य धार्मिक स्थलों पर विरले ही देखने को मिलती हैं।”

उन्होंने कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से उत्तराखंड आते रहे हैं, लेकिन वर्तमान जैसी सुव्यवस्थित यात्रा प्रणाली पहले कभी नहीं देखी।

“मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में यहां ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। अगले दस वर्षों में तीर्थयात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ेगी।”

अंबानी ने हाल के प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए कहा,

“उत्तराखंड में हाल में बादल फटने से जान-माल की हानि हुई है। रिलायंस फाउंडेशन और मैं स्वयं राज्य की हर जरूरत में उसके साथ खड़े हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि

“धामों और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हम सदैव उत्तराखंड सरकार के साथ सहयोग में रहेंगे।”

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने अंबानी परिवार की श्रद्धा की सराहना करते हुए कहा कि

“मुकेश अंबानी और उनका परिवार वर्षों से श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम आते रहे हैं। धामों के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास में अंबानी परिवार की भूमिका उल्लेखनीय रही है।”

अंबानी परिवार की श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ जी में अटूट आस्था और निष्ठा के चलते वे प्रतिवर्ष बाबा के दरबार में नतमस्तक होते हैं और श्रद्धा के पुष्प अर्पित करते है।

Uma Shankar Kukreti