Uttarakhandहरिद्वार

उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक द्वारा खानपुर, जनपद हरिद्वार में नई शाखा का शुभारंभ

हरिद्वार, उत्तराखण्ड | 29 जनवरी 2026
वित्तीय समावेशन और ग्रामीण विकास को मजबूती देने की दिशा में ,”उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक” ने जनपद “हरिद्वार”  के विकासखण्ड खानपुर में नई बैंक शाखा का शुभारंभ किया। यह शाखा खानपुर क्षेत्र के ग्रामीण और अर्ध-शहरी नागरिकों के लिए आधुनिक बैंकिंग सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करेगी।


बैंक की प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शाखा स्थापित करने की पहल के अंतर्गत इस नई शाखा का उद्घाटन बैंक के माननीय अध्यक्ष श्री हरिहर पटनायक द्वारा किया गया। खानपुर शाखा, उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की 297वीं तथा हरिद्वार क्षेत्र की 39वीं शाखा है। इसके साथ ही बैंक ने प्रदेश के 93वें विकासखण्ड में अपनी उपस्थिति दर्ज कर ली है।
उद्घाटन अवसर पर अध्यक्ष श्री पटनायक ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए बताया कि उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक, भारत सरकार एवं राज्य सरकार के स्वामित्व में संचालित उत्तराखण्ड राज्य का प्रमुख बैंक है। यहां ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई, एनईएफटी–आरटीजीएस जैसी आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के साथ समस्त बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य का बैंक होने के कारण इसकी योजनाएं उत्तराखण्ड की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार की जाती हैं, जिनमें कृषि ऋण (केसीसी), कृषि उपकरण, कृषि उपज विपणन, गोदाम, ट्रैक्टर, हार्वेस्टर आदि हेतु ऋण योजनाएं आसान शर्तों पर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त एमएसएमई, व्यवसायिक वाहन, सोलर परियोजनाएं तथा कर्मचारियों के लिए भी ऋण सुविधाएं प्रदान की जाती हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती उमा नाथ ने बैंक की उत्तम ग्राहक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। वहीं नव-स्थापित शाखा के शाखा प्रबंधक श्री किरण पाल सिंह ने उपस्थित सम्मानित ग्राहकों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नई शाखा के शुभारंभ से खानपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार होगा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Uma Shankar Kukreti