मुरादाबाद की लेडीज गैंग ने उड़ाई पुलिस की नींद, बिजनौर, मेरठ क्षेत्र में कई जिलों में कर चुकी हैं लूट
मुरादाबाद, यूपी के जनपद मुरादाबाद से तीन सगी बहनों ने गिरोह बनाकर सड़कों पर दौड़ रहे आटो और टेंपो के चालक और यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। महिलाएं मुरादाबाद, बिजनौर, मेरठ समेत कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं। पुलिस ने इन तीनों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक इन महिलाओं ने कबूला है कि वह आटो व टेंपो को बुक कराकर सुनसान इलाके में ले जाती थीं और चालक को डरा धमकाकर उससे लूटपाट करती हैं।
इसके अलावा सफर के दौरान भी अन्य यात्रियों का सामान चुपके से उड़ा लेती थीं। पुलिस ने इनके कब्जे से यात्रियों से लूटा गया सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने शनिवार दोपहर तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है। एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि सिविल लाइंस के नवीन नगर एमडीए कलोनी निवासी ललित कुमार ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी बहन साधना मिश्रा निवासी कटघर बीच होली का मैदान शुक्रवार को आटो में बैठकर नवीन नगर जा रही थीं।
आटो में तीन अन्य महिलाएं भी सफर कर रही थीं। इन महिलाओं के साथ एक बच्चा भी मौजूद था। सफर के दौरान महिलाओं ने साधना मिश्रा का पर्स उड़ा लिया था। जिसमें नकदी और जेवर थे। इस वारदात की जानकारी महिला को तब हुई, जब वह आटो से नीचे उतर गईं। तब तक आटो रवाना हो चुका था। पुलिस ने महिलाओं की तलाश की तो सिविल लाइंस क्षेत्र में कांठ रोड पर तीनों खड़ी मिल गईं।